जागरण टुडे, कासगंज
पटियाली। जनपद के पटियाली कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक गया प्रसाद सन्त की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पुलिस विभाग मे शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक गया प्रसाद सन्त (उम्र लगभग 55-56 वर्ष) मूल रूप से पहाड़पुर रजावाली, जनपद फिरोजाबाद के निवासी थे। बुधवार सुबह करीब 9 बजे कोतवाली परिसर में उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द उठा और वे जमीन पर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें उठाकर उपचार के लिए पटियाली अस्पताल पहुंचाया।
पटियाली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सहकर्मी उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दरोगा की आकस्मिक मृत्यु की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त हो गया। सहकर्मियों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।