जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली। पटियाली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर मनोना में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा टीकाकरण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल और नायब तहसीलदार मुकेश कुमार की मौजूदगी में ग्रामीणों को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य टीम ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली की चिकित्साधीक्षक डॉ. शिवाश्री तिवारी भी मौजूद रहीं। टीम ने सर्दी, जुकाम और खांसी से पीड़ित लोगों को आवश्यक दवाएं निशुल्क वितरित कीं।
एसडीएम और नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों के बारे में समझाते हुए कहा कि टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। इसलिए सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का पूरा टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग किया और उनके प्रयासों की सराहना की।