जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम इंदा जशनपुर निवासी शीलेन्द्र यादव (24) पुत्र रामपाल यादव बाइक से कादरगंज बाजार से सामान खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कादरगंज के पास रास्ते में आलू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल युवक को निजी वाहन से उपचार के लिए बदायूं ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी चंचल सिरोही ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।