जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की गूंज के बीच, इस अवसर पर कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने महिलाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश साझा किया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से महिलाओं को अपनी शक्ति, सम्मान और आत्मनिर्भरता को पहचानने तथा जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
एसपी अंकिता शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा—“तेरे माथे पे ये आँचल बहुत ही खूब है लेकिन, तू इस आँचल से इक परचम बना लेती तो अच्छा था।”
उनके इस संदेश का आशय यह है कि महिलाओं की पहचान केवल परंपराओं और मर्यादाओं तक सीमित नहीं है। यदि महिलाएं अपनी क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को पहचान लें, तो वही आँचल उनके सम्मान, स्वाभिमान और सफलता का परचम बन सकता है। यह पंक्ति महिलाओं को अपने अंदर छिपी शक्ति को पहचानने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित करती है।
महिला दिवस के अवसर पर साझा किए गए इस संदेश के साथ एसपी अंकिता शर्मा ने एक तस्वीर भी पोस्ट की है। इस फोटो में वह नोएडा की जिलाधिकारी (आईएएस) मेधा रूपम, अलीगढ़ की मंडलायुक्त (आईएएस) संगीता सिंह तथा एडीजी जोन आगरा (आईपीएस) अनुपम कुलश्रेष्ठ के साथ नजर आ रही हैं। यह तस्वीर प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं में महिलाओं की मजबूत भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।
आज के समय में महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, सुरक्षा, व्यापार और तकनीक सहित लगभग हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। समाज और देश के विकास में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
एसपी अंकिता शर्मा का यह संदेश न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देता है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का भी संदेश देता है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस संदेश और तस्वीर की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया है।