जागरण टुडे,कासगंज।
जनपद कासगंज में साइबर ठगी के एक मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली कासगंज पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में बैंक खाते से धोखाधड़ी कर रुपये निकालने वाले आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक वनप्लस मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक कासगंज अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगाप्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आँचल चौहान और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम अमित कुमार के नेतृत्व में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली कासगंज पुलिस और साइबर सेल की टीम ने रविवार 08 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 139/26 धारा 318(4), 61(2) बीएनएस व 66D आईटी एक्ट से संबंधित मामले में मोहित वर्मा (19 वर्ष) पुत्र जयवीर सिंह निवासी बहादुरपुर थाना जवां, जिला अलीगढ़ तथा अजय कुमार (20 वर्ष) पुत्र जमुनादास निवासी बडागांव उखलाना थाना हरदुआगंज, जनपद अलीगढ़ को अलीगढ़ रोड स्थित बरेली-मथुरा हाईवे अंडरपास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी हिमांशु वर्मा के मोबाइल फोन से उसका सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डाल लिया और उसी सिम के माध्यम से गूगल पे चालू कर लिया। इसके बाद ऑनलाइन गेम “एविएटर” में पैसे जीतने के लालच में 31 जनवरी 2026 को हिमांशु के बैंक खाते से 45 हजार रुपये लगा दिए। जब पीड़ित हिमांशु को अपने खाते से पैसे कटने की जानकारी हुई तो उसने थाना कासगंज में मुकदमा दर्ज कराया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वनप्लस मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।