अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक बलदेव पूरन प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. पूजा गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी सुगंधा जैन और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र बतौर अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित महिला दिवस समारोह के सजीव प्रसारण को देखने से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि विधायक पूरन प्रकाश ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की देश और समाज के विकास में अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने बाल विकास विभाग की सराहना करते हुए कहा कि विभाग की कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं आज घर और बाहर दोनों क्षेत्रों की जिम्मेदारियां बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को एक-दूसरे के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित या शोषित महिलाओं की मदद के लिए समाज की अन्य महिलाओं को आगे आना चाहिए और बालिकाओं को भी परिवार और कार्यक्षेत्र में संतुलन बनाए रखने की शिक्षा देनी चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी (मथुरा ग्रामीण) शशि मिश्रा, सुपरवाइजर मनीषा कौशल और फरह परियोजना की सुपरवाइजर पूनम कुंतल को पोषण पुनर्वास केंद्र में सर्वाधिक बच्चों को भर्ती कराने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा बेहतर कार्य करने वाली चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमिला (सुभाष नगर), मीना शर्मा (पलसों, गोवर्धन), मुंदरा देवी (नगला काशी, ग्रामीण) और जयश्री (बरसाना, नंदगांव) को भी सम्मानित किया गया।
इन सभी कार्यकर्ताओं द्वारा लाभार्थियों को राशन का वितरण शत-प्रतिशत एफआरएस (चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक) के माध्यम से किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभाग में नवचयनित दो सुपरवाइजर विमल राज और प्रवेश फौजदार को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा सेवायोजन और प्रोबेशन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।