जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। पटियाली कोतवाली में तैनात किए गए नवागत प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने सोमवार देर शाम औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कोतवाली परिसर का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
आपको बता दे कि हाल ही में 25 फरवरी को एक पुराने मामले में जारी माननीय न्यायालय से जारी एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) के तहत पुलिस द्वारा पूर्व उच्च शिक्षा आयोग के सदस्य नीरज मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद मामला काफी गरमा गया था। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने आरोप लगाया था कि एक पार्टी कार्यकर्ता द्वारा फोन पर कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी और इंस्पेक्टर क्राइम गुलाब सिंह से बात कराए जाने के दौरान अभ्रद भाषा को प्रयोग किया।
इस आरोप को लेकर 25 फरवरी को पटियाली कोतवाली परिसर में जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना दिया था। मामले ने तूल पकड़ने के बाद तत्कालीन कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। वैस उन्हें अब थाना सोरों की कमान सौंपी गई है। वही पूरे घटनाक्रम के करीब 12 दिन बाद अब प्रेमपाल सिंह को पटियाली कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि और असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वही पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोग बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें। थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।
कोतवाली प्रभारी प्रेम पाल सिंह ने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा।