Tuesday, March 31, 2026

कासगंज प्रशासन की लोगों से अपील: अफवाहों से घबराकर न करें LPG सिलेंडर की बुकिंग, गैस की कोई किल्लत नहीं- समस्याए आए तो डायल करे यह नम्बर

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 12, 2026

कासगंज प्रशासन की लोगों से अपील: अफवाहों से घबराकर न करें LPG सिलेंडर की बुकिंग, गैस की कोई किल्लत नहीं- समस्याए आए तो डायल करे यह नम्बर

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद में एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन अलर्ट है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समस्त उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार तथा जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।


बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की डिलीवरी सुचारू रूप से की जा रही है। गैस के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग को रोकने के लिए सभी संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे गैस एजेंसियों के स्टॉक और निर्गमन का सघन व नियमित सत्यापन सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस रिफिल की डिलीवरी पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार रखा जाए। साथ ही गैस बुकिंग व डिलीवरी में आ रही ऑनलाइन समस्याओं के समाधान में भी उपभोक्ताओं की सहायता की जाए। किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं के साथ असभ्य व्यवहार न करने की भी हिदायत दी गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति किसी भी स्तर पर ऐसी मिथ्या या भ्रामक खबर न फैलाए, जिससे कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो।

जनपद के सभी एलपीजी गैस उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि जिले में गैस की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही नियमानुसार गैस की बुकिंग करें। गैस एजेंसी द्वारा नियमानुसार रिफिल की डिलीवरी की जाएगी।

किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता इण्डेन गैस के विक्रय अधिकारी वी.पी. सिंह (मो. 8004651251), बीपीसीएल गैस के विक्रय अधिकारी आदर्श शुक्ला (मो. 9795223388) तथा एचपीसीएल गैस के विक्रय अधिकारी राहुल शर्मा (मो. 8839380230) से संपर्क कर सकते हैं।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.