Tuesday, March 31, 2026

Badaun News : डबल मर्डर का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 13, 2026

Badaun News : डबल मर्डर का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

जागरण टुडे,बदायूं

 बदायूँ जिले में एचपीसीएल प्लांट के दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय प्रताप सिंह (34) पुत्र राजेश कुमार सिंह निवासी ग्राम सैंजनी थाना मूसाझाग, जनपद बदायूँ के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैरों में गोली लगी है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना मूसाझाग पुलिस ने यह कार्रवाई की।

इसे भी पढ़ें - बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में डबल मर्डर, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी अजय प्रताप सिंह ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट के अंदर पहुंचा और वहां मौजूद दो अधिकारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्लांट प्रबंधक सुधीर गुप्ता (58) पुत्र दयाकिशन निवासी बी-1/वृंदावन रेजिडेंसी, बरेली और हर्षित मिश्रा (34) पुत्र सुशील कुमार निवासी मोहल्ला साहूकारा थाना पूरनपुर, जनपद पीलीभीत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद एचपीसीएल प्लांट के कर्मचारी जीशान अंसारी की तहरीर पर थाना मूसाझाग में मुकदमा संख्या 48/26 धारा 103(1)/309(6) बीएनएस के तहत आरोपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें  - लूट की झूठी कहानी, पुलिस ने 24 घंटे में खोला राज

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एचपीसीएल प्लांट में वेंडर का काम करता था। प्लांट प्रबंधक सुधीर गुप्ता और हर्षित मिश्रा ने उसे नौकरी से निकाल दिया था और उसके खिलाफ थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। इसी रंजिश के चलते वह दो तमंचे लेकर प्लांट पहुंचा और दोनों अधिकारियों को गोली मार दी। घटना के बाद उसने वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा ग्राम मुडसैना के जंगल में छिपा दिया था।

शुक्रवार 13 मार्च को पुलिस आरोपी को साथ लेकर तमंचे की बरामदगी के लिए मुडसैना के जंगल में पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए हुए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल ओमबीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मौके से वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूँ में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.