थाना मूसाझाग क्षेत्र में स्थित HPCL (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) प्लांट के अंदर दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें प्लांट के दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को लगभग 1:30 बजे थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में अजय प्रताप सिंह (34) पुत्र राजेश कुमार सिंह निवासी ग्राम सैंजनी ने प्लांट के दो अधिकारियों पर गोली चला दी। इस हमले में सुधीर गुप्ता (58) पुत्र दयाकिशन निवासी वृंदावन रेजिडेंसी, बरेली और हर्षित मिश्रा (34) पुत्र सुशील कुमार निवासी मोहल्ला साहूकारा, पूरनपुर, जनपद पीलीभीत गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रमित शर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन और अजय कुमार साहनी, पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर अवनीश राय, जिलाधिकारी बदायूं तथा डॉ. बृजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं भी मौजूद रहे। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।