जागरण टुडे, गुड्डू यादव,कासगंज।
कासगंज–मथुरा बरेली हाईवे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और एहतियात के तौर पर प्रशासन ने हाईवे पर आवागमन अस्थायी रूप से बंद करा दिया।
जानकारी के अनुसार गैस से भरा यह कैप्सूल टैंकर राजस्थान से बरेली की ओर जा रहा था। टैंकर में करीब 18 टन गैस भरी हुई थी। रास्ते में अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके चलते टैंकर सड़क पर पलट गया। टैंकर पलटते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर एसडीएम संजीव सिंह , पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तत्काल पहुंच गईं। किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे पर दोनों ओर से यातायात रोक दिया और इलाके को सुरक्षित कर लिया।
प्रशासन ने गैस सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया है, ताकि टैंकर की स्थिति का आकलन कर सुरक्षित तरीके से गैस को नियंत्रित किया जा सके। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर हालात पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि प्रशासन एहतियात के तौर पर पूरी सतर्कता बरत रहा है और आसपास के लोगों को भी टैंकर से दूर रहने की सलाह दी गई है।