जागरण टुडे, अंकित पंडित कासगंज।
जनपद की सोरों कोतवाली में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक महिला ने थाने के अंदर ही जमकर हंगामा करते हुए महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान महिला का व्यवहार इतना आक्रामक हो गया कि उसने हाथ में डंडा लेकर पूरे परिसर में दौड़-भाग कर दी, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी सहम गए।
जानकारी के अनुसार, प्रीति पत्नी स्वर्गीय जुगेंद्र, निवासी चंदपुरा गऊपुरा (सोरों), ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी बाइक और करीब दस हजार रुपये छीन लिए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पूछताछ में सामने आया कि महिला की बाइक को पेट्रोल पंप कर्मियों ने उधारी के पैसे बकाया होने के कारण रोक लिया था। बाइक खडी करते समय महिला नहीं थी। उसके गांव का लडका था। जिस पर पेट्रोल पंप संचालक के पैसे थे।
पुलिस संबंधित कर्मियों और बाइक को लेकर कोतवाली पहुंची, जहां महिला भी आ गई।महिला ने अपनी बाइक बताई, तो पुलिस ने घटना की सच्चाई बताई। इसी दौरान महिला अचानक आक्रोशित हो गई और उसने अपना आपा खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने पहले बहस शुरू की और फिर देखते ही देखते महिला कांस्टेबलों पर हमला कर दिया। उसने हाथ में डंडा उठा लिया और पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ने लगी। इस दौरान दो महिला कांस्टेबल घायल हो गईं।
स्थिति को काबू में करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। महिला का उग्र रूप देखकर वहां मौजूद लोग भी वीडियो बनाने से कतराते रहे, क्योंकि वह किसी को भी डंडा लेकर दौड़ा देती थी। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने किसी तरह महिला को शांत कराया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने महिला के खिलाफ तहरीर दी है।
घटना के बाद घायल महिला कांस्टेबलों का चिकित्सीय परीक्षण सीएचसी सोरों में कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।