जागरण टुडे,कासगंज।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मनरेगा मजदूरों की लगभग तीन माह से लंबित मजदूरी के भुगतान को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और मजदूरों ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान सरकार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब मजदूरों, शोषित किसानों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चली है और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। बढ़ती महंगाई के बीच मजदूरों को समय पर मजदूरी न मिलना उनके लिए गंभीर समस्या बन गया है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।
मनरेगा कोऑर्डिनेटर मुनेन्द्रपाल सिंह राजपूत एडवोकेट ने भी मजदूरों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सरकार मनरेगा श्रमिकों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत मिलने वाले संवैधानिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है और मजदूरी निर्धारण में भी पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने मांग की कि मजदूरों को काम और मजदूरी की गारंटी दी जाए तथा मनरेगा में किए गए बदलावों को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन किए जाने की भी मांग रखी गई।
जिला महासचिव एवं कासगंज विधानसभा प्रभारी अमित यादव ‘भय्यू’ ने मजदूरों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दीपक धनगर, अज़हर खान, अमित यादव एडवोकेट, अलीहसन सोहराब, सुबोध चौहान और राजकपूर वाल्मीकि सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सवाना परवीन, संतोष कुमार, भगवान सिंह, सूरज पाल और सुरेश कुमार ने अन्य दलों को छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष ने सभी का पटका पहनाकर स्वागत किया।
धरने में हरिशंकर पचौरी, रूमसिंह यादव, सौरभ पाल, अमरदीन अंसारी, गुलफान सिंह यादव, महेंद्र सिंह एडवोकेट, देशबंधु बघेल, प्रतिभा सिंह, उषा पाल, निर्जला और पूजा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।