Tuesday, March 31, 2026

अपराध समीक्षा बैठक में कासगंज एसपी का सख्त संदेश-दुर्व्यवहार व लापरवाही पर नहीं होगी कोई रियायत

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 18, 2026

अपराध समीक्षा बैठक में कासगंज एसपी का सख्त संदेश-दुर्व्यवहार व लापरवाही पर नहीं होगी कोई रियायत

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी व शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिसकर्मी अपने आचरण में सौम्यता और शालीनता बनाए रखें तथा नियमानुसार वर्दी धारण करें। किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


रमजान और ईद को लेकर विशेष सतर्कता

आगामी रमजान माह और ईद के मद्देनजर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए।

बीट पुलिसिंग की जवाबदेही तय

एसपी ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर बीट सिपाही से लेकर थाना प्रभारी तक की जिम्मेदारी तय होगी। साथ ही ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थानीय गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा और जनसुनवाई पर जोर

मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय करने के निर्देश देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करने को कहा गया। थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश

कुख्यात अपराधियों के सत्यापन, अवैध शराब, जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और संपत्ति जब्तीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के आदेश दिए गए।

गश्त, यातायात और सीसीटीवी पर फोकस

भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाने, अवैध अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर भी जोर दिया गया।

त्योहारों से पहले पीस कमेटी बैठक अनिवार्य

सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में धर्म गुरुओं व गणमान्य लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।

बैठक के अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों से निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और अधीनस्थों की कार्यप्रणाली पर सतत निगरानी बनाए रखने की अपील की।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.