बरेली जनपद के मीरगंज कोतवाली क्षेत्र एक गाँव में बीती रात अज्ञात चोरों ने ग्राम प्रधान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पहुंचा बुजर्ग राजेंद्र पाल के घर देर रात उस समय चोर घुस आए जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से घर के अंदर प्रवेश किया और सीधे उस कमरे तक पहुंच गए जहां कीमती सामान रखा हुआ था। इसके बाद उन्होंने संदूक और कमरे के ताले तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी को निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 70 हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने के जेवरात—दो टीका , एक नथ, चार चूड़ियां और दो चेन—पर हाथ साफ किया। इसके साथ ही चांदी के आभूषण जैसे बिछुआ, पायल और मंगलसूत्र भी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना के दौरान घर में सो रही सावित्री देवी की अचानक नींद खुल गई। संदिग्ध आवाज सुनकर उन्होंने शोर मचा दिया, जिससे परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। परिवार के जागने की आहट पाकर चोर घबरा गए और जल्दबाजी में मौके से फरार हो गए। हालांकि तब तक वे कीमती सामान समेट कर ले जा चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित परिवार ने मीरगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक (आइपीएस} अंजना दहिया ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्राम प्रधान के घर हुई चोरी की घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।