जरीफनगर थाना क्षेत्र से सामाजिक भेदभाव और हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक को कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मंदिर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दिहौरा शेखपुर निवासी यतेंद्र पुत्र राजपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने गांव स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गया था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग—भुवनेश पुत्र भगवान सहाय, शिवनारायण पुत्र उदयवीर, मोरपाल और अजय पुत्र रामनिवास—वहां पहुंच गए और उसे मंदिर में आने से रोकने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और उसे “नीची जाति” बताकर मंदिर में प्रवेश न करने की धमकी दी। जब यतेंद्र ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और गला दबाने का भी प्रयास किया। इतना ही नहीं, उसे भविष्य में मंदिर न आने की चेतावनी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।