जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर जनपद में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय फेज) का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस लाइन गेट से महिला स्कूटी दस्ता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के जरिए शहरभर में जागरूकता का संदेश दिया गया।
स्कूटी रैली पुलिस लाइन कासगंज से शुरू होकर राजकोण्ड चौराहा, सोरों गेट स्थित पिंक बूथ चौकी, बस स्टैंड और बारह द्वारी होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से निकली। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के पीछे एक बड़ा कारण अशिक्षा भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाएं, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए हर चुनौती का सामना कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और नेतृत्व क्षमता के विकास से बेटियां न सिर्फ आत्मविश्वासी बनेंगी, बल्कि समाज में सशक्त भूमिका भी निभाएंगी।
महिला सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी
मिशन शक्ति 5.0 के तहत शासन द्वारा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें महिला अपराधियों के खिलाफ त्वरित व कठोर कार्रवाई, महिला बीट पुलिसिंग को मजबूत करना, एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाना और सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही नवरात्रि और अन्य भीड़भाड़ वाले आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
हर थाने पर महिला सुरक्षा केंद्र, हेल्पलाइन सेवाएं एकीकृत
महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक थाने पर महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 112 (आपातकालीन सेवा) को एकीकृत कर तत्काल सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा पुलिस टीम गांव-गांव चौपाल लगाकर महिलाओं से संवाद स्थापित करेगी और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेगी।
रैली के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन शाहिदा नसरीन सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्साह और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता साफ नजर आई।