29 मार्च को होगा भव्य कार्यक्रम, बघेल समाज के गणमान्य लोगों संग रणनीति तय
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
विधान सभा क्षेत्र 101 अमांपुर के विधायक हरिओम वर्मा ने अपने निजी कैंप कार्यालय में बघेल समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 29 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले परम श्रद्धेय स्व. कल्याण सिंह एवं वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करना रहा।
बैठक के दौरान विधायक हरिओम वर्मा ने कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, अतिथियों के स्वागत, जनसहभागिता बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बघेल समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने सुझाव साझा किए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद सभी लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
विधायक हरिओम वर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, जिसमें महान नेताओं और वीरांगनाओं की स्मृति को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।
अंत में विधायक ने बैठक में पधारे सभी कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।