जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर भटान में सरकारी जांच के दौरान लेखपाल के साथ अभद्रता और मारपीट की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेखपाल विनोद खरबार 23 मार्च 2026 को जिलाधिकारी के निर्देश पर एक शिकायत की जांच के लिए गांव पहुंचे थे। यह शिकायत श्मंजू देवी पत्नी अजीत सिंह द्वारा दी गई थी। जांच के दौरान गांव के कुछ लोगों ने कथित तौर पर लेखपाल के साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने की धमकी दी।
लेखपाल विनोद खरबार ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि सरकारी कार्य में भी बाधा डाली। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता महसूस हुई।
घटना के बाद लेखपाल ने थाना सुनगढ़ी में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस तरह की घटनाएं सरकारी कार्यों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न कर सकती हैं।