जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के सिढ़पुर वैश्य थाना क्षेत्र में लापता किशोरी का शव पानी से भरे गड्ढे में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड व फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पनसोती, मौजा कादरगंज खाम निवासी रामौतार पुत्र रामपाल ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बहन फूलन देवी 22 मार्च को दोपहर करीब एक बजे घर से नाराज होकर कहीं चली गई थी। परिजनों ने उसे आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिवार द्वारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह करीब सात बजे घटनास्थल के पास किशोरी की चप्पल मिली, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में फिर से खोजबीन तेज कर दी।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे गांव के पास एक पानी से भरे गड्ढे में किशोरी का शव उतराता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पाकर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। प्रथम दृष्टया मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।