जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढ़पुरा। क्षेत्र के वीरांगना अवंती बाई कन्या इंटर कॉलेज, साक्षीधाम जलीलपुर में उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला जब आचार्य महामंडलेश्वर एवं उन्नाव से सांसद सच्चिदानंद हरिसाक्षी महाराज का आगमन हुआ। विद्यालय परिवार ने पारंपरिक तरीके से फूलमालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
अपने दौरे के दौरान सांसद ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और शैक्षिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने हाल ही में प्रवेश लेने वाले 35 नए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को स्कूल बैग वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
सांसद सच्चिदानंद हरिसाक्षी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विकास, संसाधनों के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सांसद के समक्ष अपनी आवश्यकताओं और सुझावों को रखा, जिस पर उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ओम प्रकाश, आचार्य जय प्रकाश, अमन, सचिन, महेश, अरविंद, हरि प्रकाश सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।