जागरण टुडे, कासगंज।
सहावर कस्बे में पारिवारिक विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। न्यायालय से तारीख कर घर लौट रहे एक युवक पर कथित रूप से उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने चाकू और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची 112 पीआरबी ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना सहावर कस्बे के मोहल्ला मौरी निवासी अमित कुमार के साथ हुई। अमित का अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ पिछले करीब आठ महीनों से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार को इसी मामले में उसकी अदालत में तारीख थी।
बताया गया है कि सुनवाई के बाद अमित न्यायालय परिसर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसके ससुराल पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि साले सुनील, सूरज, हरीशचंद्र, कोमल सिंह समेत अन्य लोगों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और वहां से ले गए।
अमित के अनुसार, आरोपियों ने उसे रेगपुर गांव के पास ले जाकर डंडों से बेरहमी से पीटा और फिर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरबी मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने घायल की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना ने पारिवारिक विवादों के खतरनाक रूप लेने की एक और मिसाल पेश की है