दावत से लौट रहे परिवार को पीछे से कार ने मारी टक्कर, मौके पर मची अफरा-तफरी
बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और पांच वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नौसेना निवासी इकरार हुसैन अपनी पत्नी राजदा बेगम और छोटे बच्चे के साथ मिलक क्षेत्र के खाता नगरिया गांव से एक दावत में शामिल होकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लाभारी चौकी के सामने पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर बैठी राजदा बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इकरार हुसैन और उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। वहीं घायलों को एंबुलेंस की मदद से बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों की ओर से थाना मीरगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।