जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित होगा। बुधवार को अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने सीएमओ कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं, बाल विकास सेवा विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा नगर निगम मथुरा-वृंदावन के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के समापन के बाद आयोजित सभा में संचारी रोगों से बचाव के लिए विस्तार से जानकारी दी गई और सभी को शपथ दिलाई गई।
इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। पानी के बर्तन और टंकियों को ढककर रखें तथा सप्ताह में एक बार उन्हें खाली करें। जहां पानी जमा होना रोका न जा सके, वहां मिट्टी का तेल या जला हुआ मोबिल डालें।
उन्होंने बताया कि सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह से ही दवा लें। तेज बुखार में एस्प्रिन या ब्रूफिन का प्रयोग न करने की सलाह दी गई।
इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. अनुज चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, यूनिसेफ के प्रतिनिधि, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक संतोष तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।