Thursday, April 2, 2026

KASGANJ:उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथनपुर भुजपुरा में नवारंभ दिवस धूमधाम से मनाया गया, ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली के साथ कक्षा 8 के छात्रों को दी भावभीनी विदाई

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 2, 2026

KASGANJ:उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथनपुर भुजपुरा में नवारंभ दिवस धूमधाम से मनाया गया, ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली के साथ कक्षा 8 के छात्रों को दी भावभीनी विदाई

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

बेसिक शिक्षा विभाग के नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 के नवारंभ दिवस पर गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पिथनपुर भुजपुरा में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। इसके साथ ही कक्षा 8 के विद्यार्थियों का विदाई समारोह भी बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह अहिरवार ने 119 छात्रों को अंकपत्र एवं उपहार स्वरूप पाठ्य सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए बताया कि वे भी बेसिक शिक्षा से ही पढ़कर इस पद तक पहुंचे हैं और छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कैरियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम में कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने नई पहल करते हुए कक्षा 8 के छात्रों के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया। इस दौरान विशेष भोज के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने संस्कृत श्लोकों का पाठ किया और अशोक स्तंभ का इतिहास सुनाकर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 6 में नव प्रवेशित बच्चों का तिलक व माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा स्वयं रजिस्टर में पांच बच्चों का नामांकन भी दर्ज किया। इस अवसर पर राज्य संदर्भदाता समूह के सदस्य एवं साहित्यकार जितेन्द्र सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर शिक्षा जारी रखने की अपील की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। एसआरजी योगेश कुमार कुशवाहा ने बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंद मोहन गुप्ता के निर्देशन में अब तक 13 छात्र नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) में सफलता प्राप्त कर चुके हैं, जिनको आगामी चार वर्षों तक ₹1000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी। विद्यालय का परिसर भी आकर्षक चित्रकारी और ज्ञानवर्धक वातावरण से सुसज्जित नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व एआरपी संजय यादव, महेश कुमार, राकेश कुमार, रविंद्र कुमार, हिना खातून तथा वर्तमान विज्ञान एआरपी विजय कुमार को गंजडुंडवारा में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए नागरिक अभिनंदन किया गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.