-महीनों से लंबित भुगतान से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी, प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
जागरण टुडे, फहीम अख्तर सोरों,(कासगंज):
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सोरों पर गुरुवार को आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने बकाया मानदेय को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी की और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कासगंज को संबोधित ज्ञापन देने की चेतावनी दी। वहीं, जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम मोहम्मद नासिर को सौंपा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2024–25 और 2025–26 के कई महीनों का मानदेय अब तक नहीं मिला है। इसके चलते उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान, आशा संगिनी का 1200 रुपये मासिक मानदेय, कुष्ठ रोग सर्वे, डिलीवरी कार्य, टीकाकरण, संचारी रोग अभियान, आभा आईडी और टीबी से जुड़े कार्यों का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। इसके अलावा तीन माह का नियमित मानदेय भी अब तक नहीं दिया गया है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वे लगातार जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो वे फील्ड कार्य का बहिष्कार करने को बाध्य होंगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालकर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।