जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा क्षेत्र में एक बेहद कष्टदायक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शुक्रवार देर रात नवादा गांव के पास तेज आंधी के चलते पेड़ की भारी डाल टूटकर बाइक पर गिर गई, जिससे सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान संजू (20) और आरती (22) के रूप में हुई है। दोनों अपने परिवार के साथ रिश्तेदार संदीप की गेहूं की फसल काटकर कासगंज के मोहनपुर रोड से बाइक पर सवार हो थाना सुन्नगढी क्षेत्र स्थित गांव गजौरा लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे नवादा गांव के पास पहुंचे, अचानक तेज आंधी चलने लगी और आगे चल रही बाइक पर सवार संजू और आरती के ऊपर पेड़ की डाल आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं पीछे चल रही दूसरी बाइक पर सवार शिव सागर (25) और संध्या (14) भी हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले कासगंज जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक आरती की शादी आगामी 26 अप्रैल को सोरों कोतवाली क्षेत्र के कादरबाड़ी गांव निवासी रिंकू के साथ होनी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया।
परिवार के मुखिया अशोक, जो पेशे से किसान हैं, के कुल आठ बच्चे थे। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।