जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज
जनपद के नदरई बिजलीघर में तैनात अवर अभियंता सुरेश चंद्र पर बिजली विभाग को लगातार वित्तीय नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल कासगंज को एक शिकायत पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की गई है। शिकायत में आरोप है कि अवर अभियंता द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में अनियमित तरीके से कनेक्शन देकर विभागीय राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं से निर्धारित शुल्क विभागीय खाते में जमा होना चाहिए, वह राशि कथित रूप से व्यक्तिगत लाभ के लिए ली जा रही है। नदरई और नगला पीपल बिजलीघर क्षेत्र में ऐसे कई मामलों का उल्लेख किया गया है, जिनमें लाखों रुपये के गड़बड़ी की बात कही गई है।
पहले मामले में ग्राम पिवारी में एक घर को अवैध तरीके से बिजली कनेक्शन देने का आरोप है। बताया गया है कि वहां लाइन न होने के बावजूद मथुरा बरेली हाइवे के दूसरी ओर से अस्थायी ट्रांसफॉर्मर लगाकर हाइवे के नीचे से केबल निकाल कर कनेक्शन दिया गया। इसके एवज में करीब 1.5 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। वहीं उपभोक्ता के यहां पुराना मीटर लगाने की भी बात सामने आई है।
दूसरे मामले में घरेलू बिजली कनेक्शन की निर्धारित शुल्क राशि में हेराफेरी का आरोप है। शासन के अनुसार 1 किलो वाट 2 किलो वाट कनेक्शन पर 5155 रुपये की रसीद कटनी चाहिए, लेकिन आरोप है कि संबंधित अवर अभियंता द्वारा मात्र 3050 रुपये की रसीद काटकर शेष राशि अपने पास रखी जा रही है। शिकायत में कई उपभोक्ताओं के नाम और आवेदन संख्या का उल्लेख करते हुए इसकी पुष्टि करने की मांग की गई है।
इसके अलावा यह भी आरोप है कि अवर अभियंता ने अपने साथ एक सहयोगी को रखा हुआ है, जो कथित रूप से सभी गैरकानूनी कार्यों में साथ रहता है। शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की अपील की है।
अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं और आरोपों की सच्चाई क्या सामने आती है।
वर्जन
राहुल वरनवाल अधीक्षण अभियंता कासगंज ने बताया कि इस तरह का अभी कोई मामला संज्ञान में नहीं है, आपके माध्यम से पता चला है, अगर है तो निश्चित तौर पर जांच पडताल कराकर कार्रवाई की जायेगी।- राहुल वरनवाल अधीक्षण अभियंता