Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ NEWS बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, झोपड़ी सहित लाखों का सामान जलकर राख

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 20, 2026

KASGANJ NEWS बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, झोपड़ी सहित लाखों का सामान जलकर राख

-सोरों विकासखंड के मौसमपुर गांव की घटना, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू; जनहानि टली

जागरण टुडे, हरिश्चन्द्र  नगरिया /सोरो। 

विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मौजमपुर हुसैनपुर के गांव मौसमपुर में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब बिजली मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने एक झोपड़ी को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में घर में रखा समस्त घरेलू सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौसमपुर निवासी नेकसे पुत्र गोपी के घर में सोमवार शाम करीब 4 बजे बिजली मीटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। मीटर से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते झोपड़ी में आग पकड़ ली और कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य दैनिक उपयोग का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

घटना के दौरान ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को भी सूचना दी, लेकिन दमकल की गाड़ी आग पर काबू पाने के बाद ही मौके पर पहुंच सकी। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के समय घर में एक भैंस और उसका बछड़ा भी बंधा हुआ था। ग्रामीणों ने समय रहते भैंस को खोलकर बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, बछड़ा आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।

बताया जा रहा है कि घर में रखे एक बक्से में करीब एक लाख रुपये नकद भी थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार पूरी तरह से बेघर और आर्थिक संकट में आ गया है। उनके सामने अब रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना जीवन सामान्य कर सकें।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.