जनपद में किताबों की खरीद पर अभिभावकों से मनमाने दाम वसूलने और बिल न देने की लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देशों के क्रम में नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने सोमवार को धौली प्याऊ क्षेत्र में स्थित दो बुक स्टॉल पर आकस्मिक छापेमारी कर कार्रवाई की।
नगर मजिस्ट्रेट ने गोपनीय जांच के तहत ‘माई बुक शॉप’ और ‘कृष्णा पुस्तक एजेन्सी’ की दुकानों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई सेंट डोमनिक्स स्कूल (अल्फा प्ले), सक्रेड हार्ट स्कूल और जय शिव कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर की गई थी, जिनमें आरोप लगाया गया था कि पुस्तक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक शुल्क वसूल रहे हैं और बिल भी नहीं दे रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान आरोप सही पाए गए। दुकानदारों ने न तो किसी प्रकार की छूट दी और न ही ग्राहकों को बिल उपलब्ध कराया। मौके पर मौजूद अन्य अभिभावकों ने भी मनमानी वसूली और बिल न देने की शिकायतों की पुष्टि की। इस पर नगर मजिस्ट्रेट ने तत्काल प्रभाव से दोनों दुकानों को सील करने के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील कर दिया।
नगर मजिस्ट्रेट ने मामले को गंभीर मानते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि जनपद स्तर पर ऐसे अन्य मामलों की भी आकस्मिक जांच कराई जाए, ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही प्रशासन ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, सचिवों और पुस्तक विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित दरों पर ही किताबों की बिक्री करें और प्रत्येक बिक्री पर बिल देना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।