जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के विकास खंड पटियाली में फार्मर रजिस्ट्री बनाने के कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार ने लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले सात पंचायत सचिवों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मंगलवार को विकास खंड कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में स्थिति स्पष्ट हुई कि अधिकांश सचिवों ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले बेहद कम प्रगति की है।
बीडीओ के अनुसार, 13 अप्रैल को सभी संबंधित सचिवों को फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन कार्य अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सका। आंकड़ों के अनुसार, ग्राम पंचायत अधिकारी सत्यप्रकाश ने 50 में से मात्र 3, अनिल कुमार ने 80 में से 3 और चंद्रप्रकाश ने 30 में से सिर्फ 2 रजिस्ट्री तैयार कीं। योगेंद्र सिंह ने 20 में से 2 और संदीप यादव ने 60 में से 2 रजिस्ट्रियां ही बनाई।
वहीं ग्राम विकास अधिकारी अजय राय शर्मा एक भी रजिस्ट्री तैयार नहीं कर सके। राजेश कुमार ने 50 में से 7 और अजय दुबे ने 40 में से 8 रजिस्ट्रियां तैयार कीं। बैठक में उपस्थिति भी संतोषजनक नहीं रही। बुलाए जाने के बावजूद केवल चंद्रप्रकाश और सत्यप्रकाश ही उपस्थित हुए, जबकि अन्य सचिव अनुपस्थित रहे। इस पर बीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई।
बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले सचिवों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो संबंधित सात सचिवों का अप्रैल माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।