जागरण टुडे, कासगंज।
जिले में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा विपक्षी गठबंधन “इंडि एलायंस” के विरोध में एक जोरदार प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार की अध्यक्षता में अमांपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा सहावर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली।
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और मातृ शक्ति ने विरोध स्वरूप इंडि एलायंस का पुतला दहन किया। साथ ही, सभी ने हाथों में काली पट्टी बांधकर अपने आक्रोश का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर भाजपा की जिला मंत्री सुधा साहू ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि हाल ही में महिला आरक्षण बिल, जिसे ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के नाम से जाना जाता है, के विरोध में विपक्ष ने मतदान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस बिल को लोकसभा में पारित होने से रोकना चाहता था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाना चाहते हैं, जबकि सामान्य परिवारों की महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी करते हैं।
जिला पंचायत सदस्य सोनू वाला ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडि एलायंस के नेता महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने से डरते हैं, क्योंकि इससे उनकी राजनीतिक पकड़ कमजोर हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि देश की आधी आबादी को उनका अधिकार मिल गया, तो वर्चस्व की राजनीति समाप्त हो जाएगी, और यही कारण है कि विपक्ष इस बिल का लगातार विरोध कर रहा है।
कार्यक्रम में गीता तोमर, संध्या उपाध्याय, मंजू सोलंकी, सुमन वार्ष्णेय, पूनम, ममता, अजय कुमारी, राखी वार्ष्णेय सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं। इसके अलावा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा एवं युवा मोर्चा के कई कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
यह प्रदर्शन महिला आरक्षण के समर्थन और विपक्ष के विरोध के रूप में देखा जा रहा है।