जागरण टुडे। बरेली शाहजहांपुर।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बुधवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवीन मंडी तिलहर में तैनात क्षेत्रीय वितरण अधिकारी मुनीन्द्रनाथ पटेल को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई। संगठन को शिकायत मिली थी कि आरोपी अधिकारी कार्य कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता सरौफ सिंह, निवासी ग्राम चांहरपुर थाना मदनापुर, ने इसकी सूचना भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दी थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने बुधवार दोपहर 12:58 बजे नवीन मंडी तिलहर परिसर में आरोपी को 9 हजार रुपये लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी मुनीन्द्रनाथ पटेल मूल रूप से प्रतापगढ़ जनपद का निवासी है और वर्तमान में शाहजहांपुर में तैनात था। टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में थाना कटरा, शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल संगठन को दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम लोगों में भरोसा बढ़ा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।