जागरण टुडे। जनपद बदायूं के मूसाझाग इलाके में बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसे देख हर किसी की रूह कांप उठी। बेकाबू गति से दौड़ती लग्जरी कार ने बाइक सवार मां-बेटा को टक्कर मार दी और दोनों को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इस हादसे में मां की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
यह हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र में नई सड़क पर मनिकापुर कौर चौराहा गंगा एक्सप्रेस-वे रिंग रोड के पास हुआ। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बामियाना निवासी छविनाथ की पत्नी सावित्री (45) और बेटा प्रताप (23) बाइक पर जा रहे थे। रास्ते में तिगुलापुर गांव के पास नई सड़क पर गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर से आ रही लग्जरी कार ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त लगी कि क्षतिग्रस्त होने के बाद बाइक कार में फंस गई। कार चालक बाइक समेत मां-बेटा को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खंती में चली गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसा होते देख कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
किसी तरह कार में फंसे मां-बेटा काे बाहर निकाला। दोनों घायलों को फौरन एंबुलेंस में जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां जहां डॉक्टर ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रताप का इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार वाले जिला अस्पताल जा पहुंचे, जिससे कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि सावित्री और प्रताप अपने गांव से दातागंज जा रहे थे।
सपा नेता की है गाड़ी
मूसाझाग इलाके में नई सड़क मार्ग पर जिस लग्जरी कार से हादसा हुआ उस पर सपा का झंडा लगा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार समाजवादी पार्टी के नेता की है।