जागरण टुडे, सोरों (कासगंज)।
थाना कोतवाली क्षेत्र के सोरों कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला कटरा मठ निवासी आयुष गुप्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनका भाई विश्वजीत गुप्ता कमलेश पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक ढाबे पर खाना खा रहा था। इसी दौरान अतुल गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब विश्वजीत ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि अतुल गुप्ता ने उस पर स्टील के बड़े चम्मच से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर आयुष गुप्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने दोनों भाइयों को घेर लिया और लाठी-डंडों व अवैध असलाह से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था।
आयुष गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपियों ने उन्हें पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का दावा है कि पूरी घटना पास स्थित पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकती है।
घटना के बाद दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, गाली-गलौज, धमकी और अवैध हथियार के इस्तेमाल जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।
वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।