जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज के गंजडुण्डवारा नगर के गौशाला रोड स्थित क्यू एच इंटर कॉलेज के छात्र योगेश कुमार ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 91.16 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। योगेश की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और परिजनों में खुशी का माहौल है।
छात्र योगेश कुमार की इस शानदार सफलता पर विद्यालय प्रबंधक समिति ने उन्हें रेंजर साइकिल, कक्षा 11 का संपूर्ण कोर्स और एक बैग देकर सम्मानित किया। विद्यालय स्टाफ ने योगेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया और आगे भी इसी तरह सफलता अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में जो भी छात्र या छात्रा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा, उसे स्कूटी देकर पुरस्कृत किया जाएगा। इस घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के फाउंडर अब्दुल वकील एवं सगीर अहमद ने योगेश कुमार की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी योगेश से प्रेरणा लेने की बात कही।
इस मौके पर महेश चंद्र प्रधानाचार्य, शिक्षक के.के. बशिष्ठ, मुन्ना लाल गुप्ता, विमलकांत शाक्य, दिव्यांशु चौहान, अंकित श्रीवास्तव, मुमताज जहां, रजिउद्दीन, नूरूल गनी, मोहम्मद अयूब सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और छात्र की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।