जागरण टुडे, कासगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नगला गुलाबी गांव में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल स्थित घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नगला गुलाबी निवासी पारस की शादी करीब छह माह पूर्व सोरों के रामनगर निवासी कमलेश की 20 वर्षीय पुत्री प्रभा के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी की थी, लेकिन शादी के बाद से ही पारिवारिक संबंधों में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
शनिवार को प्रभा का शव उसके घर के अंदर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया और वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर प्रवेश राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।
मृतका के पिता कमलेश ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभा के जेठ सुभाष, अवनीश, सास सोहदरा, सुभाष की पत्नी पुष्पा और अवनीश की पत्नी सुमन आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। कमलेश का कहना है कि शुक्रवार की रात इन सभी ने मिलकर उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।