Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ: भूख मिटाने को केले लेने रुका था जान मोहम्मद, मौत बनकर आए बालू से लदे ट्रैक्टर ने रौंदा; मौके पर मौत, फिर स्विफ्ट कार में मारी टक्कर

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 27, 2026

KASGANJ: भूख मिटाने को केले लेने रुका था जान मोहम्मद, मौत बनकर आए बालू से लदे ट्रैक्टर ने रौंदा; मौके पर मौत, फिर स्विफ्ट कार में मारी टक्कर

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कस्बा गंजडुंडवारा के सहावर रोड स्थित सबीना कॉम्प्लेक्स के पास सोमवार सुबह बालू (रेत) से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऐसा कहर बरपाया कि एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद भी ट्रैक्टर का तांडव नहीं रुका और उसने सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रैक्टर पर लटक गई। गनीमत रही कि कार में उस समय कोई सवार नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।


जानकारी के अनुसार, मृतक जान मोहम्मद(45) साइकिल से भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहा था। रास्ते में वह एक ठेले से केले खरीदने के लिए रुका ही था कि तभी तेज रफ्तार में आए बालू से लदे बेकाबू ट्रैक्टर ने उसे रौंद डाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि जान मोहम्मद को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट कार से जा भिड़ा। टक्कर के बाद ट्रैक्टर रुक गया, जबकि कार उसके अगले हिस्से पर फंसकर लटक गई।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी राधेश्याम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर जमा भीड़ को हटाकर अवरुद्ध मार्ग को सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वही टैक्टर को भी जब्त कर लिया है।

केले लेने रुका था मजदूर

जान मोहम्मद ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि मजदूरी पर जाते समय रास्ते में केले खरीदने के लिए रुकना उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा। एक पल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी सांसें छीन लीं और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जान मोहम्मद के दो बच्चे है, जो कि अब बेसहारा हो गए।


बाजारों में बेलगाम दौड़ रहे बालू से लदे ट्रैक्टर

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे के बाजारों और व्यस्त मार्गों पर आए दिन बालू और रेत से लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं। कई बार हादसे होते-होते बचे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती। अब हुई इस दर्दनाक मौत के बाद लोगों में भारी रोष है और उन्होंने बाजारों में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर रोक लगाने की मांग की है।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.