जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जनहित, सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशील प्रशासन का परिचय देते हुए एक बार फिर सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी ने गोवंश संरक्षण समिति के लिए अपने एक दिन का वेतन दान कर समाज में जागरूकता और सहयोग का प्रेरणादायक संदेश दिया है।
डीएम की इस अनुकरणीय पहल से प्रेरित होकर जनपद के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी आगे बढ़कर गोवंश संरक्षण समिति एवं जिला खेल प्रोत्साहन समिति के लिए अपने एक दिन का वेतन दान किया। यह पहल न केवल गोवंश संरक्षण और खेलों के विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिलाधिकारी प्रणय सिंह जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिला खेल एवं प्रोत्साहन समिति को अपने एक दिन का वेतन प्रदान कर चुके हैं। उनकी यह निरंतर सकारात्मक पहल प्रशासनिक सेवा को जनसेवा का सशक्त उदाहरण बना रही है।
जिलाधिकारी की इस प्रेरणादायक सोच और पहल से जनपद में सामाजिक सरोकार, जनकल्याण और सहयोग की भावना को नया बल मिला है। साथ ही यह कदम अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।