गुड्डू यादव, कासगंज।
शहर के नदरई गेट स्थित श्रीकृष्णा पैलेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आई एक विवाहित महिला अपनी शिकायत लेकर राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ और पुलिस टीम के साथ शादी समारोह में पहुंच गई। अचानक पुलिस और महिला आयोग की मौजूदगी देख दूल्हन पक्ष सहित बाराती और घराती मौके से भाग खड़े हुए, जिससे शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मामला सोरों थाना क्षेत्र के नगला उल्फत निवासी राजीव सिंह भारती का है, जो वर्ष 2017 से दिल्ली में एक रेडीमेड दुकान पर काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात नेहा जस्मीत कौर से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ और परिवार की सहमति के बाद 22 अक्टूबर 2022 को विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों करीब चार साल तक साथ रहे।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले नेहा ने राजीव के मोबाइल में दूसरी महिला से बातचीत देख ली, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद राजीव पत्नी को छोड़कर अपने गांव लौट आया। गांव में उसके परिजनों ने तलाक की झूठी अफवाह फैला दी। इसी बीच 29 अप्रैल को राजीव की दूसरी शादी बुलंदशहर की युवती स्वाति सायमन क्रिश्चियन से तय कर दी गई और कृष्णा पैलेस में तैयारियां शुरू हो गईं।
शादी की सूचना मिलने पर पहली पत्नी नेहा कासगंज पहुंची और सोरों थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन युवक दूसरी शादी करने पर अड़ा रहा। इसके बाद नेहा ने राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ को फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही रेनू गौड़ पुलिस टीम के साथ शादी स्थल पर पहुंचीं, जहां उनके पहुंचते ही हड़कंप मच गया और लोग मौके से भागने लगे। दुल्हन भी वहां से गायब हो गई।
इसके बाद महिला आयोग सदस्य नेहा को लेकर कासगंज कोतवाली पहुंचीं, जहां इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने आरोपी दूल्हे को बुलाकर समझाने का प्रयास किया। रेनू गौड़ ने स्पष्ट कहा कि यदि युवक नहीं मानता है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना कानूनन अपराध है।