Saturday, June 13, 2026

KASGANJ NEWS सोरों नगर पालिका बोर्ड बैठक में जोरदार हंगामा, विरोध और काले झंडों के बीच वार्षिक बजट सत्र निरस्त

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 29, 2026

KASGANJ NEWS सोरों नगर पालिका बोर्ड बैठक में जोरदार हंगामा, विरोध और काले झंडों के बीच वार्षिक बजट सत्र निरस्त




गुड्डू यादव,

जागरण टुडे,कासगंज/सोरों

नगर पालिका परिषद सोरों की बोर्ड एवं वार्षिक बजट सत्र की बैठक बुधवार को भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में लगातार विरोध, नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति बिगड़ती चली गई। अंततः आक्रोशित सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया, जिसके चलते बजट सत्र निरस्त करना पड़ा।



बैठक के दौरान सभासद संघ अध्यक्ष विष्णु तिवारी के नेतृत्व में कई सभासदों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वित्तीय अनियमितताओं, कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार में संलिप्तता और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का मुद्दा उठाया। सभासदों का कहना था कि उनकी ओर से दी गई लिखित शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

सभासद नितेश तिवारी ने नगर पालिका से आय-व्यय का विस्तृत वार्षिक ब्यौरा प्रस्तुत करने की मांग की। साथ ही उन्होंने नगर में कराए गए विकास कार्यों और कथित अनियमितताओं को लेकर 25 बिंदुओं पर जवाब तलब किया। इस दौरान अन्य सभासदों ने भी अपने-अपने वार्डों से जुड़े मुद्दे उठाए और पारदर्शिता की मांग की।



सभासद अतुल महेरे और विजय गोस्वामी ने संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कॉलेज से जुड़े प्रकरण को उठाते हुए प्रधानाचार्य पर प्रवेश फार्म के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगाए। उन्होंने नगर में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की।


बैठक में हंगामा बढ़ने के बाद सभासदों ने कार्यवाही पुस्तिका में दिन की कार्रवाई दर्ज करने की मांग को लेकर नगर पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान नीतेश पचौरी (रिंकू), पवनेश सक्सेना, अतुल महेरे, विष्णु तिवारी, अतुल तिवारी, अनुभव निर्भय, रवि दुबे, विजय गोस्वामी, जय सिंह, मुनीश चौधरी और मेहरुद्दीन सहित कई सभासदों ने काले झंडे दिखाकर विरोध जताया।

स्थिति को संभालने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे, एसडीएम और अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने सभासदों की समस्याएं सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का समाधान कराया जाएगा और जल्द ही अगली बोर्ड बैठक बुलाई जाएगी।

बैठक में नामित सभासद राहुल अग्रवाल, मुकेश राजपूत, संपूर्णानंद भारद्वाज, हरिशंकर बघेल, नाथूराम मौर्य और विनीता तिवारी सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.