तीन दर्जन से अधिक झांकियां होंगी शामिल, रंग-बिरंगी रोशनी से सजेगा पूरा नगर
धर्मनगरी मथुरा में भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में रविवार 03 मई को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समिति पदाधिकारियों ने आयोजन को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए कमर कस ली है। बुधवार को श्रीजी बाबा आश्रम में भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए पंडित रामगोपाल शर्मा ने बताया कि भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा 3 मई, रविवार को सायं 4 बजे माहेश्वरी पैलेस, बाटी वाली कुंजी से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—लाल दरवाजा, चौक बाजार, डोरी बाजार, स्वामी घाट, विश्राम घाट, होली गेट, भरतपुर गेट, घीया मंडी और मंडी रामदास से होकर डीग गेट के समीप संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। शोभायात्रा में धार्मिक उल्लास, सांस्कृतिक भव्यता और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
समिति के राष्ट्रीय महामंत्री बंसीलाल शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में तीन दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो भगवान परशुराम के जीवन चरित्र, शौर्य, तप, त्याग और सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के स्वागत के लिए पूरे नगर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे शहर में उत्सव, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित होगा।
बैठक का संचालन आचार्य ललित स्वामी ने किया। इस अवसर पर आचार्य रमाकांत गोस्वामी, ओपी उपाध्याय, स्वास्तिक शर्मा, के.के. शर्मा, संजय पिपरोनिया, राजा ज्ञानेंद्र दीक्षित, अजय शर्मा ‘लाला’, सुनील शर्मा, लब्बू पंडित, चंद्रप्रकाश शर्मा ‘कवि’, विनोद दीक्षित, गिरीश बड्डन, अंकित भारद्वाज, श्याम शर्मा, मनोज शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।