जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव नगला मनी में शुक्रवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान बारातियों और घरातियों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कादरबारी थाना सोरोंजी से अर्पित पुत्र कैलाश चंद्र मौर्य की बारात नगला मनी में नरेश मौर्य पुत्र हेतराम की पुत्री के विवाह समारोह में आई थी। बारात के दौरान डीजे पर नाचते समय बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग शराब के नशे में थे, जिसके चलते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई।
इस झगड़े में प्रवेश पुत्र भगवान दास, सुनील पुत्र मथुरा प्रसाद, गजेंद्र पुत्र रामपाल, रामपाल पुत्र डोरी लाल और अतुल पुत्र नेत्रपाल को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चौकी प्रभारी और उपनिरीक्षक करण सिंह को घायलों की देखरेख के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायल रामपाल पुत्र डोरी लाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों ने जिला अस्पताल में उपचार नहीं कराया। बाकी घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को शांत कराया। वर्तमान में गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और शादी की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न कराई जा रही हैं। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्कता बरत रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।