डीएम प्रणय सिंह की अध्यक्षता में बैठक, 1 जून से 24×7 कंट्रोल रूम और पुख्ता तैयारियों के निर्देश
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर बाढ़ स्टेयरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद की सभी बाढ़ चौकियों को 15 जून से पूर्व पूरी तरह क्रियाशील कर दिया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने संचालित बाढ़ परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सभी बाढ़ चौकियों एवं संवेदनशील स्थलों पर रेत की बोरियों सहित पर्याप्त रिजर्व स्टॉक उपलब्ध कराया जाए। साथ ही 1 जून से बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सक्रिय करते हुए 24×7 निगरानी व्यवस्था लागू की जाए। बाढ़ सुरक्षा समितियों का गठन भी बाढ़ काल से पहले करने और सभी विभागों से एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नालों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए कहा कि इसे समय से और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि बाढ़ से संभावित जोखिमों को देखते हुए पूर्व तैयारी ही सबसे प्रभावी उपाय है, जिससे जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव अग्रवाल, अधिशासी अभियंता शरद सौरभ गिरी, संदीप जैन, आपदा विशेषज्ञ सुश्री दीपमा वर्मा, आपदा लिपिक वी.पी. सक्सेना, सहायक अभियंता पंकज कश्यप सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।