राहुल गुप्ता, पटियाली।
कस्बा के रेलवे स्टेशन रोड स्थित आरपीएस कंप्यूटर इंस्टीट्यूट का द्वितीय स्थापना दिवस शुक्रवार को उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संस्थान परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर नीरज किशोर मिश्रा, पूर्व सदस्य उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग, एवं विशिष्ट अतिथि न्यायिक उप जिलाधिकारी पटियाली आतिश सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद संस्थान प्रबंधन की ओर से अतिथियों का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर नीरज किशोर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर एवं डिजिटल शिक्षा युवाओं के भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में इस प्रकार के संस्थान युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर रोजगार के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। वहीं न्यायिक उप जिलाधिकारी आतिश सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर मेहनत और तकनीकी दक्षता अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए शिक्षा के साथ सकारात्मक सोच भी जरूरी है।
संस्थान की अध्यापिका मानसी शर्मा ने संस्थान की दो वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आरपीएस कंप्यूटर इंस्टीट्यूट ने अल्प समय में अनेक विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि संस्थान सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। साथ ही विभिन्न कंप्यूटर कोर्स पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अंत में संस्थापक कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
इस अवसर पर संजीव कुमार प्रधानाचार्य, गौरव प्रकाश गुप्ता, गौरव पांडे, अमन चौहान, संजीव चौहान, ओमकार दीक्षित, अंकित द्विवेदी, गौरव तिवारी, गोपाल दीक्षित, वैभव वार्ष्णेय, राहुल गुप्ता, श्याम मोहन उपाध्याय, दुष्यंत शर्मा, सुमंत शर्मा, सत्येंद्र द्विवेदी, प्रदीप मिश्रा, शगुन गौतम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।