Wednesday, June 3, 2026

KASGANJ NEWS शिक्षिका के निलंबन पर भड़के छात्र, स्कूल में ताला लगाकर किया प्रदर्शन, बोले नहीं खुलने देंगे स्कूल

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 2, 2026

KASGANJ NEWS शिक्षिका के निलंबन पर भड़के छात्र, स्कूल में ताला लगाकर किया प्रदर्शन, बोले नहीं खुलने देंगे स्कूल


-भिटोना पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बच्चों ने शिक्षिका की वापसी की मांग की, बोले- “मैम के बिना नहीं खुलेगा स्कूल”


जागरण टुडे, गुडडू यादव, कासगंज

शहर के भिटोना स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका शालिनी मिश्रा के निलंबन को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज बच्चों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षिका की वापसी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

छात्रों ने अपने बैग स्कूल गेट पर टांग दिए और कहा कि जब तक उनकी शिक्षिका वापस विद्यालय नहीं आएंगी, तब तक स्कूल नहीं खुलने दिया जाएगा। बच्चों का कहना था कि शालिनी मिश्रा सभी छात्रों को बिना किसी भेदभाव के पढ़ाती थीं और विद्यालय की साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक करती थीं।



जानकारी के अनुसार, विद्यालय में बच्चों द्वारा सफाई किए जाने की तस्वीरें किसी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी थीं। वहीं पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करने और विद्यालय के लिए आए लैब उपकरणों को लेकर भी विवाद की चर्चा है। बताया जा रहा है कि इन्हीं मामलों को लेकर बीएसए द्वारा शिक्षिका को निलंबित किया गया है।



प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने शिक्षिका के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी। छात्रा दीपा ने कहा कि उनकी मैम बहुत अच्छा पढ़ाती हैं और उनके खिलाफ साजिश रची गई है। वहीं छात्रा इजरा ने कहा कि “स्कूल हमारा मंदिर है और उसकी साफ-सफाई करना हमारा कर्तव्य है। हम अपने घर की तरह स्कूल को भी साफ रखते हैं।”

फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और अभिभावकों सहित स्थानीय लोग भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.