Wednesday, June 3, 2026

Bareilly News : संपूर्ण समाधान दिवस में 37 शिकायतें प्राप्त, लापरवाही पर सख्त हुए एडीएम; अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस के निर्देश

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 2, 2026

Bareilly News : संपूर्ण समाधान दिवस में 37 शिकायतें प्राप्त, लापरवाही पर सख्त हुए एडीएम; अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस के निर्देश

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद की मीरगंज तहसील सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं।

समाधान दिवस के दौरान कुल 37 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 34 मामलों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण मंच पर अधिकारियों की गैरहाजिरी न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि आम जनता के विश्वास को भी कमजोर करती है।

अनुपस्थित अधिकारियों में सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी और शेरगढ़ ब्लॉक, तथा सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) मीरगंज शामिल रहे। इसके अलावा, तहसील क्षेत्र के किसी भी थाने के प्रभारी स्वयं उपस्थित नहीं हुए और उन्होंने अपने स्थान पर अधीनस्थ अधिकारियों को भेजा, जिस पर एडीएम ने नाराजगी जताई।

इसे  गंभीर अनुशासनहीनता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) मीरगंज, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संपूर्ण समाधान दिवस का संचालन सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.