Wednesday, June 3, 2026

सिढ़पुरा के गांव गंगसारा में तीन दिन से बिजली गुल.....पढ़ाई प्रभावित, छात्रों ने ट्रांसफार्मर के सामने किया प्रदर्शन

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 3, 2026

सिढ़पुरा के गांव गंगसारा में तीन दिन से बिजली गुल.....पढ़ाई प्रभावित, छात्रों ने ट्रांसफार्मर के सामने किया प्रदर्शन

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

विकासखंड सिढ़पुरा के विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र अंतर्गत गांव गंगसारा में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छात्रों को उठानी पड़ रही है, जिसके चलते रविवार दोपहर  आक्रोशित छात्रों ने गांव में लगे ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

छात्रों ने बताया कि लगातार बिजली न आने के कारण उनके मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ऑनलाइन आईटीआई की कक्षाएं पूरी तरह बाधित हो गई हैं। वहीं बीए व बीएससी के छात्रों की परीक्षाएं भी चल रही हैं, ऐसे में बिजली न मिलने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।

वही ग्रामीणों के अनुसार बीते दिनों आई तेज आंधी के कारण बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके बाद से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विभाग के लाइनमैन तीन दिन बीतने के बाद भी लाइन दुरुस्त नहीं कर सके हैं, जिससे विभागीय लापरवाही उजागर हो रही है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इस समय बिजली न मिलना उनके भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।

प्रदर्शन के दौरान गौरव रतन, विजयपाल, चंद्रपाल, रणवीर सिंह, जुगेंद्र सिंह, सौरभ, ईश्वर दयाल सहित कई छात्र मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.