जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम घबरा में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव का एक ट्रांसफार्मर पिछले चार दिनों से खराब पड़ा है, जिससे करीब 200 से अधिक परिवार अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से हालात और भी खराब हो गए हैं, लोगों को पानी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में दो ट्रांसफार्मर लगे हैं, लेकिन एक के खराब होने से आधे गांव की सप्लाई ठप हो गई है। सबसे ज्यादा परेशानी पढ़ाई कर रहे बच्चों को हो रही है, जिन्हें रात में अंधेरे में पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। लगातार बिजली न आने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही समस्या का समाधान किया गया। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में भारी आक्रोश है।
समस्या से तंग आकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए ट्रांसफार्मर जल्द ठीक कराने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में मोरपाल सिंह, सचिन, रमाकांत, भूपेंद्र राठौर, नितिन मिश्रा, मोहित, लोकपाल, मुन्नी देवी, ममता देवी, सावित्री देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।