जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जिले में पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिला कार्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई तथा आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस दौरान कार्यालय परिसर भाजपा समर्थकों के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और संगठन की मेहनत का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी और भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा के अलावा डा, बीडी राना, केपी सिंह, शरद गुप्ता, महेंद्र सिंह बघेल, योगेंद्र चौहान, राजवीर सिंह भल्ला, ब्लॉक प्रमुख जसवीर सिंह, रानू वर्मा भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार, संजय पूंढीर के साथ बडी संख्या मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम को जनता का भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की स्थिति पूरे देश के सामने थी। वहां की जनता ने तुष्टिकरण और कथित फर्जी वोटों की राजनीति को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने सनातन संस्कृति और राष्ट्रवाद को स्वीकार किया है। माहेश्वरी ने दावा किया कि असम में भाजपा की सीटें बढ़ी हैं, तमिलनाडु में एनडीए मजबूत विपक्ष के रूप में उभरा है तथा पांडिचेरी में भाजपा सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि केरल में भी भाजपा ने अपना खाता खोलकर नई राजनीतिक शुरुआत की है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत भाजपा कार्यकर्ताओं, जनता और सनातन विचारधारा की जीत है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुनाया है। शर्मा ने आरोप लगाया कि बंगाल में महिलाओं और सनातन परंपराओं के विरोध को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसका असर चुनाव परिणाम में देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक लड़ाई नहीं थी, बल्कि जनता और ममता सरकार के बीच विश्वास की लड़ाई थी, जिसमें जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि देशभर में जनता भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।